news-details

बाणी नदी के तट पर गूंजा हरियाली का संदेश

You can share this post!

 

 

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो

कुशीनगर। वन महोत्सव के अवसर पर वन विभाग, कुशीनगर एवं विवेकानंद युवा कल्याण केंद्र, पडरौना के संयुक्त तत्वावधान में बाणी नदी के तट स्थित जंगल बेलवा के विवेकानंद अरण्य बिहार एवं ध्यान केंद्र (पंचवटी) परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति के प्रति सम्मान और संरक्षण की समृद्ध परंपरा रही है। वृक्ष, नदियां और पशु-पक्षी हमारी सांस्कृतिक विरासत के अभिन्न अंग हैं। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि जीवन, स्वास्थ्य, ज्ञान और लोककल्याण के प्रतीक हैं। पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

 

उन्होंने लोगों से अपने जीवन के प्रत्येक विशेष अवसर पर कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। साथ ही जल संरक्षण को पर्यावरण सुरक्षा का आधार बताते हुए कहा कि जल की प्रत्येक बूंद का संरक्षण कर ही आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

 

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बारे में सरल एवं व्यवहारिक जानकारी दी और इसके सकारात्मक व रचनात्मक उपयोग पर जोर दिया।

 

कार्यक्रम का संचालन विवेकानंद युवा कल्याण केंद्र के सचिव एवं आयोजक डॉ. सी.बी. सिंह ने किया। उन्होंने विवेकानंद अरण्य बिहार एवं ध्यान केंद्र की स्थापना और उसके उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। हनुमान इंटरमीडिएट कॉलेज, पडरौना के प्रधानाचार्य शैलेंद्र दत्त शुक्ल ने अतिथियों का स्वागत किया।

 

इस अवसर पर हनुमान विद्यालय के प्रबंधक मनोज सारस्वत, वन विभाग के अधिकारी, समाजसेवी डॉ. कुर्बान अंसारी, विद्यालय के छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।