
PARADRSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद में रेलवे लाइन के नीचे बिना अनुमति 33 केवी बिजली केबल डालने के मामले में जांच शुरू हो गई है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बिजली विभाग के अधिकारियों और संबंधित ठेकेदारों को बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस भेजा है। अब इस पूरे मामले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।यह घटना फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ स्टेशन के बीच हिंदुस्तान होटल के पीछे हुई थी, जहां हॉरिजॉन्टल डायरेक्शनल ड्रिलिंग (HDD) मशीन की मदद से रेलवे ट्रैक के नीचे से बिजली केबल बिछाई गई थी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस काम के लिए किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई थी।रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर (रेल पथ) जहीर अहमद खान की शिकायत पर आरपीएफ थाने में दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के कर्मचारियों और ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद आरपीएफ ने जांच तेज कर दी है और मौके पर काम करने वाले अधिकारियों की जानकारी जुटाई जा रही है।आरपीएफ इंस्पेक्टर ओपी मीणा ने बताया कि सभी संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जाएंगे, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि उस समय मौके पर कौन अधिकारी और ठेकेदार मौजूद थे। साथ ही रेलवे ट्रैक की सुरक्षा को लेकर संभावित खतरे की भी जांच की जा रही है।