
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर।हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन की टीम द्वारा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय सुकरौली में बाल विवाह एवं महिला सशक्तिकरण विषयक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं एवं शिक्षकों को महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी सरकारी योजनाओं तथा विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई।कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा जरूरतमंद एवं पात्र लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह ने बाल विवाह के दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि कम उम्र में विवाह होने से बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर गंभीर असर पड़ता है। उन्होंने छात्राओं से बाल विवाह का विरोध करने और समाज को जागरूक बनाने की अपील की।चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर अभिषेक कुमार सिंह ने कहा कि यदि कहीं भी कम उम्र के लड़के या लड़की का विवाह कराया जा रहा हो तो इसकी सूचना तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 अथवा आपातकालीन सेवा 112 पर दें। उन्होंने छात्राओं से “बाल विवाह मुक्त भारत अभियान” को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना एवं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना जैसी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। जेंडर स्पेशलिस्ट प्रीति सिंह ने महिला हेल्पलाइन 1090, वन स्टॉप सेंटर 181, एम्बुलेंस सेवा 108 एवं 102 सहित विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।इस अवसर पर वार्डेन शालिनी सिंह, अध्यापिकाएं सुधा, सुमन, नीलम एवं गुलशन सहित विद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन बाल विवाह न करने और समाज को बाल विवाह मुक्त बनाने की शपथ के साथ किया गया।