
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर जनपद में बच्चों की सुरक्षा, अधिकारों की रक्षा और संवेदनशील मामलों में प्रभावी कार्रवाई को लेकर पुलिस प्रशासन ने गंभीर पहल तेज कर दी है। मंगलवार को पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित महत्वपूर्ण गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक कुशीनगर सिद्धार्थ वर्मा ने जनपद के सभी थानों पर तैनात बाल कल्याण अधिकारियों और मिशन शक्ति केंद्रों पर नियुक्त उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।बैठक पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार के निर्देशन में आयोजित की गई, जिसमें बाल अपराध, बाल शोषण, बाल विवाह, बाल श्रम तथा बच्चों से जुड़े संवेदनशील मामलों पर गंभीर चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बच्चों से संबंधित हर शिकायत और सूचना पर तत्काल संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि POCSO Act, Juvenile Justice Act और मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत आने वाले मामलों में गुणवत्तापूर्ण जांच, पीड़ित बच्चों की सुरक्षा तथा उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।गोष्ठी के दौरान बाल कल्याण अधिकारियों ने क्षेत्रीय स्तर पर आने वाली चुनौतियों और समस्याओं को भी साझा किया, जिनके समाधान के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई। बैठक में जनपद में बाल सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा मिशन शक्ति अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।