
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा के बालूगंज क्षेत्र में बारिश के दौरान गिरे चार मकानों को अब नगर निगम पूरी तरह से ध्वस्त कर रहा है। सोमवार से शुरू हुई कार्रवाई में टीम एक-एक हिस्से को गिराकर मलबा हटाने में जुटी है। ये सभी मकान नाले के ऊपर अवैध रूप से बनाए गए थे, जिसकी पुष्टि प्रशासनिक जांच में पहले ही हो चुकी थी।2 जून को हुई तेज बारिश के दौरान ये चारों मकान अचानक ढह गए थे, जिसमें करीब 15 लोग बाल-बाल बच गए थे और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई थी। घटना के बाद 3 जून को जिलाधिकारी ने मौके का निरीक्षण किया था, जिसमें सामने आया कि मकान नाले पर अतिक्रमण करके बनाए गए थे। इसके बाद नगर निगम ने इन्हें जर्जर और अवैध घोषित करते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की।नगर निगम की टीम अब शेष संरचनाओं को भी गिरा रही है और साथ ही मलबा हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है, ताकि आसपास की बस्ती को कोई खतरा न हो। बताया जा रहा है कि ये मकान एक ही परिवार के सदस्यों द्वारा बनाए गए थे।इसी क्षेत्र में स्थित एक स्कूल के नीचे से गुजर रहे नाले की भी मरम्मत शुरू कर दी गई है, जिससे पानी के बहाव में सुधार हो सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।