
पारदर्शी विकास न्यूज़ महोबा। बैंक ऋण की अदायगी नहीं करने वाले चार किसानों के खिलाफ चरखारी तहसील प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी बंधक भूमि कुर्क कर दी। यह कार्रवाई ग्राम जतौरा और रिवई में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, रिवई शाखा की ओर से राजस्व वसूली अधिनियम के तहत की गई।शाखा प्रबंधक कामता प्रसाद ने बताया कि ग्राम जतौरा निवासी किशोर सिंह पुत्र प्रताप सिंह, महिपाल सिंह पुत्र शिवराज सिंह तथा ग्राम रिवई निवासी बलबीर पुत्र राजाराम और चंद्रभान पुत्र प्रगी लाल ने किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से ऋण लिया था। बार-बार नोटिस जारी करने के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं की गई, जिसके बाद नायब तहसीलदार के आदेश पर राजस्व एवं पुलिस टीम की मौजूदगी में कुर्की की कार्रवाई की गई।कार्रवाई के बाद संबंधित भूमि के हस्तांतरण, बिक्री, दान अथवा किसी भी प्रकार का प्रभार अर्जित करने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।इस दौरान नायब तहसीलदार, क्षेत्रीय लेखपाल, संग्रह अमीन, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के उप क्षेत्रीय प्रबंधक मनीष चतुर्वेदी, वरिष्ठ प्रबंधक सत्यम गुप्ता, शाखा प्रबंधक कामता प्रसाद, सहायक प्रबंधक अवनीश सहित बैंक एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।