
Pardarshi Vikas News Mathura
वृंदावन स्थित बांके बिहारी बाजार में शनिवार सुबह एक मिठाई व भोग प्रसाद की दुकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना सुबह करीब चार बजे की है, उस समय मंदिर और बाजार बंद होने के कारण बड़ा हादसा टल गया।
बताया गया कि बांके बिहारी मंदिर के पास मुख्य गली में स्थित सेवायत हिमांशु गोस्वामी और आकाश गोस्वामी की दुकान से धुआं और आग की लपटें निकलती देख आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दुकान मालिकों को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर जब शटर खोला गया तो पूरी दुकान धुएं से भर चुकी थी और अंदर से आग की लपटें उठ रही थीं।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। संकरी गलियों और घनी आबादी वाले क्षेत्र में पहुंचने में कठिनाई के बावजूद दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
आग से दुकान में रखा सामान जलकर खाक हो गया, हालांकि किसी जनहानि की सूचना नहीं है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बांके बिहारी क्षेत्र में आपातकालीन व्यवस्थाओं की कमी पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि घनी बस्ती और भारी भीड़ वाले इलाके में सुरक्षा इंतजाम मजबूत किए जाने चाहिए।