
पारदर्शी विकास न्यूज़ लम्भुआ/सुल्तानपुर। अघोषित बिजली कटौती को लेकर जनता की ओर से बराबर शिकायतें मिलने से ख़फ़ा पूर्व विधायक देवमणि दूबे रविवार को बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता पर जमकर बरसे। विधायक की मोबाइल से बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। बिजली आपूर्ति चार घंटे में ठीक न होने पर पूर्व विधायक ने सम्बंधित अभियंता को हमेशा के लिए ठीक करने का अल्टिमेटम दिया है। गर्मी के मौसम में भी लम्भुआ क्षेत्र में शेड्यूल के मुताबिक बिजली नहीं मिल रही है। बिना किसी पूर्व सूचना के घंटों कटौती की जा रही है।बिजली आने पर भी वोल्टेज इतना कम रहता है कि न तो किसानों के नलकूप (ट्यूबवेल) चल पा रहे हैं और न ही आम जनता के घरों के उपकरण काम कर रहे हैं। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी और इंजीनियर जनता की फोन कॉल तक नहीं उठाते। समस्याओं की शिकायत करने पर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती।