news-details

बिजली विभाग की लापरवाही पर मंत्री का औचक निरीक्षण

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो, देवरिया  भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती, फाल्ट और उपभोक्ताओं की बढ़ती शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सलेमपुर विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने गुरुवार को सलेमपुर बिजली घर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली में कई खामियां सामने आईं, जिस पर मंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई।मंत्री ने उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण की वास्तविक स्थिति जानने के लिए विभाग के कई एसयूजी नंबरों पर फोन कराया, लेकिन सलेमपुर देहात के एक नंबर को छोड़ अधिकांश नंबरों से कोई जवाब नहीं मिला। इतना ही नहीं, संबंधित एसडीओ और जेई द्वारा भी फोन रिसीव नहीं किए जाने पर मंत्री ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जब जनता परेशानी में हो और अधिकारी फोन तक न उठाएं, तो यह गंभीर लापरवाही का संकेत है।निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कार्यवाही रजिस्टर, उपस्थिति पंजिका, शिकायत पंजिका तथा कर्मचारियों की सूची प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन विभागीय कर्मचारी कोई भी अभिलेख उपलब्ध नहीं करा सके। अभिलेखों के अभाव को गंभीर अनियमितता मानते हुए मंत्री ने व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।स्थानीय लोगों ने भी मंत्री के समक्ष खराब ट्रांसफार्मरों को समय पर न बदले जाने, लगातार फाल्ट होने तथा बाधित बिजली आपूर्ति की शिकायत रखी। इस पर राज्य मंत्री ने अधिशासी अभियंता को निर्देशित करते हुए कहा कि नगर क्षेत्र में ट्रांसफार्मर जलने की स्थिति में घंटों के भीतर बदलाव सुनिश्चित किया जाए, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में शिकायत मिलते ही तत्काल टीम भेजकर आपूर्ति बहाल कराई जाएराज्य मंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि भीषण गर्मी में जनता बिजली संकट से जूझ रही है और विभागीय लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी क्षेत्र में तार गिर जाए या कोई दुर्घटना हो जाए और कर्मचारी फोन तक न उठाएं, तो आम जनता सहायता के लिए आखिर किसके पास जाएगी।वहीं अधिशासी अभियंता ने मंत्री को बताया कि विभाग में केवल सात लाइनमैन उपलब्ध हैं, जो लगातार दिन-रात कार्य कर रहे हैं। इस पर मंत्री ने सलेमपुर नगर में बढ़ते विद्युत भार को देखते हुए ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि की सूची तत्काल उपलब्ध कराने तथा आवश्यकता वाले क्षेत्रों में नए ट्रांसफार्मर लगाए जाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान भाजपा नेता त्रिपुनायक विश्वकर्मा, कन्हैया जायसवाल, राजीव मिश्रा, अभिषेक जायसवाल, शिवाकांत, हरेराम यादव, श्लोक सिंह, अभय तिवारी सहित अनेक स्थानीय लोग मौजूद रहे।