
PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश में बिजली सरचार्ज बढ़ाने के मामले को लेकर ऊर्जा मंत्री अरविंद शर्मा ने यूपीपीसीएल चेयरमैन आशीष गोयल पर नाराजगी जताई है। मंत्री ने पत्र लिखकर आरोप लगाया कि बिना जानकारी दिए बिजली बिलों में 10 फीसदी फ्यूल एंड पावर परचेज एडजस्टमेंट सरचार्ज (FPPCA) बढ़ा दिया गया, जिससे सरकार की छवि प्रभावित हुई।मंत्री ने कहा कि जनता पर बढ़े हुए बिजली बिल का बोझ डालने की जानकारी उन्हें किसी आधिकारिक बैठक या फाइल से नहीं बल्कि मीडिया रिपोर्ट्स से मिली। उन्होंने इसे गैर-जिम्मेदाराना रवैया बताते हुए कहा कि ऐसे फैसलों से सरकार के खिलाफ माहौल बनता है।अरविंद शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि आंधी-तूफान के दौरान बिजली व्यवस्था प्रभावित होने के समय यूपीपीसीएल चेयरमैन मुख्यालय से बाहर रहे। उन्होंने कहा कि संकट के समय अधिकारियों की मौजूदगी जरूरी होती है, लेकिन समीक्षा बैठक ऑनलाइन करनी पड़ी।पत्र में मंत्री ने कुशल लाइनमैनों को हटाकर अनुभवहीन कर्मचारियों को रखने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हजारों अनुभवी कर्मचारियों को हटाने का असर बिजली व्यवस्था पर पड़ रहा है और इसका नुकसान आम जनता को उठाना पड़ रहा है।वहीं, बिजली उपभोक्ताओं से 10 फीसदी FPPCA वसूली के मामले में उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग ने भी यूपीपीसीएल से जवाब मांगा है। आयोग ने निर्देश दिए हैं कि सरचार्ज लगाने से जुड़े सभी आंकड़े और दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएं।प्रदेश में बढ़ती गर्मी के बीच बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रही है। ऐसे में बिजली व्यवस्था और अधिकारियों की कार्यशैली को लेकर सरकार के अंदर ही सवाल उठने लगे हैं।