
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जगदीशपुर के दखिनवारा बिजली उपकेंद्र पर शनिवार को बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के निस्तारण के लिए शिविर आयोजित किया गया। विधायक सुरेश पासी की पहल पर आयोजित शिविर में क्षेत्र के लोगों ने बिजली बिल, मीटर, लोड, लाइन और आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनकर उनके निस्तारण की प्रक्रिया शुरू की। विधायक ने कहा कि उपभोक्ताओं को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बिजली कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए लगातार ऐसे शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शिकायतों को लंबित न रखा जाए और तय प्रक्रिया के तहत जल्द समाधान कराया जाए। विधायक ने कहा कि क्षेत्र की बिजली व्यवस्था और उपभोक्ताओं की समस्याओं पर लगातार नजर रखी जा रही है। शिविर में बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।