
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा। खंदौली क्षेत्र के सेमरा मार्ग पर गुरुवार रात बिजली के पोल में करंट उतरने से एक गोवंश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों और गौसेवकों में नाराजगी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृत गोवंश का अंतिम संस्कार कराया और मामले की जानकारी बिजली विभाग को दी।ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित बिजली के पोल में काफी समय से करंट उतर रहा था। उनका कहना है कि इससे पहले भी पड़ाव चौराहे पर इसी तरह की घटना में एक गाय की मौत हो चुकी है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने गौसेवकों की मदद से मृत गोवंश को हटवाया और पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कराया। इस दौरान साफ-सफाई और संक्रमण से बचाव के इंतजाम भी किए गए।भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश प्रचार मंत्री एवं गौसेवक गिर्राज सिंह नौहवार तथा ब्लॉक अध्यक्ष रवि जुरेल ने विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने करंट प्रवाहित करने वाले पोल को तत्काल दुरुस्त कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।