news-details

बिजली चोरी पर सख्ती, विभाग ने शुरू किया बड़ा अभियान

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Aoraiya

दिबियापुर क्षेत्र में बिजली चोरी और बकाया बिलों पर रोक लगाने के लिए विद्युत विभाग ने व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। विभाग ने साफ कर दिया है कि अवैध रूप से बिजली उपयोग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विद्युत वितरण खंड दिबियापुर के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि विभाग की विजिलेंस टीम लगातार क्षेत्र में छापेमारी कर रही है। जिन उपभोक्ताओं के यहां बिजली चोरी पकड़ी जाएगी, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के साथ आर्थिक दंड भी लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी एक गंभीर अपराध है, जिससे विभाग को नुकसान होता है और ईमानदारी से बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त भार पड़ता है।

उन्होंने क्षेत्र के बकायेदार उपभोक्ताओं से जल्द से जल्द बिजली बिल जमा करने की अपील की है। चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय सीमा तक बिल जमा न करने पर कनेक्शन काट दिया जाएगा। दोबारा कनेक्शन लेने के लिए उपभोक्ताओं को अतिरिक्त शुल्क देना पड़ेगा।

अधिशासी अभियंता ने बताया कि विभाग तेजी से स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य भी कर रहा है। स्मार्ट मीटर से उपभोक्ता अपनी बिजली खपत की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे और समय पर बिल भुगतान कर सकेंगे। इससे बिलिंग व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी और विवाद कम होंगे।

उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य क्षेत्रवासियों को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति देना है। इसके लिए सभी उपभोक्ताओं से नियमों का पालन करने और बिजली चोरी की सूचना तुरंत विभाग को देने की अपील की गई है।