news-details

बिजली आपूर्ति ठीक करने को कारगर कदम उठाए सरकार:मायावती

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ।  बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की चार बार मुख्यमंत्री रहीं बहन मायावती ने प्रदेश में बिजली आपूर्ति के ताजा संकट को लेकर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा है कि बिजली की आपूर्ति ठीक से न होने और अघोषित कटौती से भीषण गर्मी में जीवन कष्टदाई हो गया है। उन्होंने विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था में सुधार हेतु राज्य सरकार से कारगर कदम उठाने की मांग की है। बसपा सुप्रीमो ने एक्स पर दिए गए बयान में कहा है कि उत्तर प्रदेश जैसे विशाल आबादी वाले राज्य में भीषण गर्मी के इस मौसम में बिजली की कम अपूर्ति व कटौती आदि की आम शिकायतों व उसको लेकर विशेषकर ग़रीब, मध्यम वर्ग, किसान, छोटे व्यापारियों व अन्य करोड़ों मेहनतकश लोगों का जीवन अति-कष्टदायी बना हुआ है तथा इसको लेकर लोग विभिन्न रूपों में अपना आक्रोश भी प्रकट कर रहे हैं, जिसकी चर्चा मीडिया में भी काफी व निरन्तर रहती है। अतः सरकार से अपील है कि वह बिजली आपूर्ति सम्बंधी लोगों के कष्ट व परेशानियों को ध्यान में रखते हुये ज़रूरी उपाय तत्काल सुनिश्चित करे। इसके साथ ही, नये पावर प्लाण्ट आदि के माध्यम से भी आगे के लिये बिजली आपूर्ति की स्थिति को सुधारने का प्रयास करे तो यह व्यापक जनहित में उचित होगा।