
Pardarshi Vikas News Etawah
जसवंतनगर में बाइक की डिग्गी तोड़कर 70 हजार रुपये चोरी करने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में औरैया निवासी एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 14 हजार रुपये नकद और बैंक पासबुक बरामद की गई है।
ग्राम भीखनपुर निवासी अनिल कुमार ने पुलिस को बताया था कि 8 अप्रैल को उन्होंने जसवंतनगर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा से 70 हजार रुपये निकाले थे। नकदी, पासबुक और जरूरी दस्तावेज बैग में रखकर उन्होंने बाइक की डिग्गी में रख दिए थे। इसके बाद वह बड़े चौराहे के पास किताबें खरीदने चले गए।
इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आरोपी ने मौका पाकर बाइक की डिग्गी का लॉक तोड़ा और बैग लेकर फरार हो गया। वापस लौटने पर पीड़ित ने डिग्गी टूटी देखी और पुलिस को सूचना दी।
थानाध्यक्ष कमल भाटी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बैंक, बड़े चौराहे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान आरोपी की पहचान हो गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जसवंतनगर बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर आरोपी राजकुमार उर्फ राजू काना निवासी कोतवाली औरैया को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली है। पुलिस शेष रकम और अन्य सामान की बरामदगी के लिए पूछताछ कर रही है।