
PARDARSHI VIKASH NEWS बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और पंजाब समेत कई राज्यों में मौसम ने करवट ले ली है। बिहार के पटना, खगड़िया, रोहतास और छपरा समेत कई जिलों में शुक्रवार सुबह तेज आंधी और बारिश हुई। काले बादलों के कारण दिन में अंधेरा छा गया और लोगों को गाड़ियों की लाइट जलाकर सफर करना पड़ा। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक ऐसा ही मौसम बने रहने का अनुमान जताया है।उत्तर प्रदेश में लखनऊ, प्रयागराज, झांसी और चंदौली में तेज बारिश और तूफान आया। 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। हमीरपुर में अंडर कंस्ट्रक्शन पुल गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि लखनऊ रेलवे स्टेशन पर टिन शेड गिरने से 2 लोग घायल हो गए।मध्य प्रदेश के ग्वालियर, मुरैना और छतरपुर समेत कई जिलों में दिन में लू और शाम को बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं राजस्थान के 12 जिलों में आंधी और बारिश की संभावना है।मौसम एजेंसियों के मुताबिक देश के कई राज्यों में प्री-मानसून एक्टिविटी तेज हो गई है। केरल में मानसून फिलहाल अटका हुआ है, लेकिन 3 से 4 जून तक इसके पहुंचने की संभावना जताई गई है।