
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर जनपद में गो-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जटहां बाजार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मंगलवार को एक महिन्द्रा सुपरो मैक्सी ट्रक से बध हेतु ले जाए जा रहे दो गोवंशीय पशुओं को बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से पुलिस ने एक धारदार बांका, लकड़ी का ठिहा, तीन मोबाइल फोन तथा प्रयुक्त वाहन भी कब्जे में लिया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान हरेन्द्र कुशवाहा निवासी सेखुई थाना नेबुआ नौरंगिया, संतोष यादव निवासी पिपरिया थाना नेबुआ नौरंगिया तथा सुनील शर्मा निवासी कटाई भरपुरवा धूस टोला थाना जटहां बाजार के रूप में हुई है।प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी संगठित तरीके से कुशीनगर और आसपास के क्षेत्रों से गोवंशीय पशुओं की तस्करी कर बिहार ले जाकर बेचते थे। तस्करी से प्राप्त धनराशि को आपस में बांट लिया जाता था।सूचना मिलने पर जटहां बाजार पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक संख्या UP57AT1093 को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहन से एक गाय और एक बछिया बरामद की गई। पुलिस ने तत्काल तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाना जटहां बाजार पर गोवध निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।