
ममता-अभिषेक की सुरक्षा घटाई गयी
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार का शपथ समारोह 9 मई को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में सुबह 10 बजे होगा। प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 7 मई को विधायक दल की बैठक होगी। वहीं, ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के आवास से अतिरिक्त पुलिस सुरक्षा हटा दी गई। हालांकि उन्हें पहले की तरह जेड-कैटेगरी सुरक्षा मिलती रहेगी। बंगाल में 4 मई को रिजल्ट के बाद से हिंसा शुरू हुई। पिछले 24 घंटों के दौरान 4 लोगों की हत्या हुई। इनमें भाजपा और टीएमसी के 2-2 कार्यकर्ता हैं। कोलकाता के न्यू मार्केट में मंगलवार रात भीड़ ने टीएमसी के पार्टी ऑफिस को बुलडोजर से गिरा दिया। उपद्रवियों ने आसपास की दुकानों को भी नुकसान पहुंचाया।
वहीं नॉर्थ 24 परगना जिले के संदेशखाली स्थित बामनघेरी इलाके में मंगलवार रात गश्त कर रही पुलिस और केंद्रीय बलों पर हमला हुआ। उपद्रवियों ने फायरिंग की, जिसमें पांच सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरलम और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव के रिजल्ट 4 मई को आए थे। असम और पुडुचेरी में एनडीए ने सरकार में वापसी की है। बंगाल, तमिलनाडु और केरलम में सरकारें बदल गईं। तमिलनाडु में विजय की 2 साल पुरानी पार्टी TVK ने सबसे ज्यादा सीटें लाकर चौंका दिया। 59 साल में पहली बार राज्य में ऐसी सरकार बनने जा रही है, जिसमें द्रमुक या अद्रमुक नहीं होगी। दो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और एमके स्टालिन अपनी सीट से चुनाव हार गए थे।