
कोलकाता। सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के नए सीएम होंगे। कोलकाता में कन्वेंशन सेंटर में आयोजित विधायक दल की बैठक में उन्हें नेता चुना गया। बैठक के बाद अमित शाह ने उनके नाम का ऐलान किया।
शाह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि 1950 से जिस विचार को लेकर हम निकले, श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार को लेकर निकले। आज उनकी ही पार्टी की सरकार बनी। ममता के शासन में अपराधी राजनेता बन गए तो विकास की गुंजाइश ही नहीं रही। कुछ ही महीनों में ये सब खत्म हो जाएगा। सुवेंदु कल सुबह 11 बजे कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी, शाह समेत एनडीए के कई बड़े नेता शामिल होंगे। 56 साल के सुवेंदु ने सीएम ममता बनर्जी को भवानीपुर से हराया है। वे नंदीग्राम से भी लगातार दूसरी बार चुनाव जीते। यहां से 2021 में उन्होंने ममता को हराया था। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में 207 सीटें जीती हैं।
शाह ने कहा कि 100 साल की वैचारिक यात्रा के बाद गंगोत्री से गंगासागर तक, आज भाजपा की सरकार बनी है। 1950 से जिस विचार को लेकर हम निकले, श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार को लेकर निकले। आज उनकी ही पार्टी की सरकार बनी। धारा 370 हटी तो देश भर में कार्यकर्ताओं में खुशी थी। लेकिन कई कार्यकर्ताओं ने कहा था कि अभी भी एक कसक बची है। उन्होंने कहा कि बंगाल में भाजपा का झंडा फहराना है। वो भी आज पूरा हो गया।

शाह ने कहा कि हमारे विधायकों के जीत का औसत मार्जिन 28 हजार है। 3 से 77 और 77 से 207 की यात्रा अभूतपूर्व है। 9 जिलों में टीएमसी का खाता तक नहीं खुला। दीदी का सूपड़ा साफ हो गया। भाजपा का वादा है कि बंगाल की जनता को कि न सिर्फ बंगाल, पूरे देश से हम एक-एक घुसपैठियों को चुन-चुनकर निकालेंगे। ये ध्रुवीकरण का मुद्दा नहीं है। ये देश की सुरक्षा का मुद्दा है। शाह ने कहा कि भाजपा पर भरोसा करके बंगाल की जनता को प्रचंड विजयी देने के लिए धन्यवाद। बंगाल की जनता ने जो अपेक्षाएं रखी हैं, हम पूरी कोशिश करेंगे कि आपके भरोसे को थोड़ा भी ठेस न पहुंचे। भाजपा विधायक दल की बैठक में सुवेंदु के नाम पर मुहर लगी। उन्हें विधायक दल का नेता चुना गया। गृह मंत्री अमित शाह ने सुवेंदु के नाम का ऐलान किया। कल नए मुख्यमंत्री के लिए शपथ ग्रहण समारोह होगा। बंगाल में इस बार भाजपा ने पहली बार बहुमत हासिल किया है। पार्टी ने बंपर जीत हासिल करते हुए 207 सीटें जीती हैं, जबकि टीएमसी 80 सीटों पर सिमट गई। इसके पूर्व विधायक दल की बैठक में सुवेंदु अधिकारी को नेता चुना गया। इसका ऐलान अमित शाह ने किया और कहा, ‘’अभी कुछ समय पहले ही चुनाव की प्रक्रिया पूरी हुई है। लगभग आठ प्रस्ताव और समर्थन प्राप्त हुए और सभी एक ही नाम के मिले। उसके बाद दूसरे नाम के लिए भी सबको समय दिया गया, लेकिन कोई दूसरा नाम नहीं आया। ऐसे में मैं सुवेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल विधानसभा का नेता घोषित करता हूं।'' अमित शाह शुक्रवार सुबह कोलकाता पहुंचे और भाजपा विधायक दल की बैठक में शामिल हुए।सुवेंदु अधिकारी समेत अन्य भाजपा नेताओं ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शाह का स्वागत किया। हवाई अड्डे से वह न्यू टाउन स्थित एक होटल गए। दोपहर में शाह विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में भाजपा विधायक दल की बैठक में शामिल हुए। शनिवार को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन होगा। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि ने राज्य में विधानसभा के चुनाव सम्पन्न होने के बाद पिछली विधानसभा को गुरुवार को भंग कर दिया था। सरकारी नोटिफकेशन के अनुसार राज्यपाल ने संविधान के अनुच्छेद 174 के तहत प्राप्त अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए विधानसभा को भंग कर दिया है। इसके साथ ही ममता बनर्जी मंत्रिपरिषद का कार्यकाल समाप्त हो गया है और नई सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त हो गया है। समझा जाता है कि नई सरकार के गठन तक शासन का काम लोक भवन से संचालित होगा। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री बनर्जी ने विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी तृणमूल कांग्रेस की हार के बावजूद पद से इस्तीफा देने से मना कर दिया है। आम तौर पर विधानसभाओं के आम चुनाव सम्पन्न होने के बाद हारने या जीतने- दोनों ही स्थितियों में राज्य सरकार इस्तीफा दे देती है और राज्यपाल मुख्यमंत्री को नई सरकार के गठन तक सरकार का काम संभाले रहने का अनुरोध करते हैं।