
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। बीएनएसडी इंटर कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण के बाद भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति और सांस्कृतिक विविधता से जुड़ी प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।छात्राओं ने विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा में सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर देश की सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया। स्वास्तिक पाठक ने संस्कृत भाषा में स्वतंत्रता के महत्व पर प्रकाश डाला। दृष्टिबाधित छात्र हिमायु तिवारी ने ओजस्वी स्वर में देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भावुक और जोशीला बना दिया। इसके अलावा छात्रों ने एकल गीत, नृत्य, नाटिका और विजय पिरामिड जैसी प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीए सुधीर जैन और विशिष्ट अतिथि सहायक जिला विद्यालय कल्याण अधिकारी धीरेंद्र सिंह रहे। अध्यक्षता प्रबंध समिति के अध्यक्ष भवानी भीख तिवारी ने की। प्रधानाचार्य डॉ. ओपी पाठक ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन अर्चना सिंह ने किया और उन्होंने ही आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में वीके त्रिपाठी, एल. श्रीवास्तव, मनीष मिश्रा, अमित सिंह, सुनील मिश्रा, मणिशंकर तिवारी, मुख्य अनुशासक शरद कुमार सिंह, एनसीसी अधिकारी उमेश प्रताप सिंह, सुरेंद्र कुमार और कार्यालय अधीक्षक स्वदेश सिंह सहित शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। स्काउट मास्टर राजीव शुक्ला समेत अन्य सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।