
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। अघोरपीठ हरिश्चंद्र घाट काशी की ओर से अघोर चतुर्दशी के अवसर पर परमपूज्य अवधूत श्रेष्ठ बाबा कीनाराम जी की 427वीं जयंती पर दो दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हरिश्चंद्र घाट स्थित महाश्मशान में विशेष पूजन-अनुष्ठान के साथ भव्य सांस्कृतिक संध्या ‘एक शाम महाकाल के नाम’ का आयोजन होगा।अघोरपीठ के पीठाधीश्वर अवधूत उग्र चंडेश्वर कपाली बाबा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 9 सितंबर की मध्यरात्रि 11 बजे से श्मशान पीठ पूजन होगा। इसके बाद साधकों के आध्यात्मिक उत्थान के लिए योगिनी चक्र पूजन का अनुष्ठान किया जाएगा।10 सितंबर को चेत सिंह किला परिसर में आयोजित सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के प्रमुख शहनाई वादक महेंद्र प्रसन्ना के शहनाई वादन से होगा। कार्यक्रम में भजन गायक राजन तिवारी, प्रभुनाथ राय, सम्राट मदन राय, बलवंत सिंह, डॉ. अमलेश शुक्ला, श्रद्धा पांडेय, रिया राज, रोहित वर्मा, पूजा मोदनवात्र, प्रियंका तिवारी, ओम तिवारी, अभिमन्यु मौर्य, राहुल पांडेय, नितिन तिवारी और गणेश मिश्रा समेत कई कलाकार प्रस्तुतियां देंगे।कपाली बाबा ने सरकार से चंदौली जनपद का नाम संत कीनाराम नगर करने की मांग भी उठाई। आयोजन को अघोर परंपरा, धार्मिक आस्था और काशी की सांस्कृतिक विरासत का संगम बताया गया।