
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या के रौनाही थाना क्षेत्र में लखनऊ-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात यात्रियों से भरी रोडवेज बस खड़े ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, राप्तीनगर डिपो की रोडवेज बस यूपी-78-एलटी-1376 लखनऊ से गोरखपुर जा रही थी। तभी जुबेरगंज बाजार के पास बस अचानक हाईवे किनारे खड़े ट्रेलर ट्रक से भिड़ गई।हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर लगते ही कई यात्री सीटों से उछलकर घायल हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।सूचना मिलते ही रौनाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल भेजा गया। इनमें से आठ यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि एक गंभीर घायल का इलाज जारी है।पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान कुशीनगर के परेवाटार निवासी 54 वर्षीय साबिर और लखनऊ के गोमती नगर निवासी 43 वर्षीय सुरेश कुमार के रूप में हुई है।प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और हाईवे किनारे खड़ा ट्रेलर माना जा रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है।हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारु कराया। प्रभारी निरीक्षक लालचंद सरोज ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।