
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या के बीकापुर तहसील क्षेत्र के रामपुर पेरई गांव में सोमवार सुबह 25 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान देवीपाटन उर्फ निनकनू निषाद के रूप में हुई है। परिजनों ने भूमि विवाद और पुरानी रंजिश के चलते हत्या की आशंका जताई है।मृतक की बहन सुरसता निषाद के अनुसार, रविवार रात करीब 2 बजे देवीपाटन घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावर युवक को अपने साथ ले गए।परिजनों ने रातभर तलाश की। सोमवार सुबह घर के सामने स्थित बाग में देवीपाटन का शव लोहे के तार के सहारे पेड़ से लटका मिला। परिवार का कहना है कि शव के पैर जमीन को छू रहे थे, जिससे उन्हें आत्महत्या पर संदेह है।सूचना मिलने पर बीकापुर कोतवाली प्रभारी देवेंद्र पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी।परिजनों ने कुनाल निषाद, क्रांति समेत कुछ अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।