news-details

अयोध्या में 169 लाख की मॉडल फ्लोरिकल्चर यूनिट

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या के आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज में किसानों की आय बढ़ाने के लिए 169 लाख रुपये की लागत से मॉडल फ्लोरिकल्चर यूनिट स्थापित की जा रही है। प्रदेश सरकार ने इस परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस यूनिट के जरिए बेला, जूही, चंपा, रातरानी, रजनीगंधा, गुलाब, गेंदा और मोगरा जैसे सुगंधित फूलों की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा।परियोजना प्रभारी और उद्यान विभाग की सह प्राध्यापक डॉ. सची गुप्ता ने बताया कि निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इस योजना का उद्देश्य कृषि विविधीकरण को बढ़ावा देना, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर पैदा करना और फूलों की खेती को लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित करना है।यूनिट में किसानों को उन्नत पौध तैयार करने, सूखे फूलों से सजावटी सामान बनाने और प्राकृतिक गुलाल तैयार करने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। यहां गुलाब, गेंदा, ग्लाडियोलस, जरबेरा और गुलदाउदी समेत कई प्रकार के फूलों का उत्पादन होगा।विशेषज्ञों के अनुसार फूलों की खेती से किसानों को प्रति एकड़ दो से तीन लाख रुपये तक की वार्षिक आय हो सकती है। राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में फूलों की मांग तेजी से बढ़ी है। पूजा-अर्चना, शादी समारोह और धार्मिक आयोजनों में फूलों की खपत लगातार बढ़ने से किसानों को स्थायी बाजार मिल रहा है।उद्यान विभाग के अनुसार गेंदा, गुलाब, रजनीगंधा और ग्लाडियोलस की खेती पर 40 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है, जबकि पॉलीहाउस और जरबेरा खेती पर 50 प्रतिशत तक सब्सिडी उपलब्ध है।