
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र स्थित बसई के पर्यटन थाना रोड पर मंगलवार दोपहर नगर निगम ने अवैध सब्जी मंडी के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की। पुलिस की मौजूदगी में चले अभियान के दौरान करीब एक किलोमीटर तक सड़क के दोनों ओर फैले अतिक्रमण को हटाया गया और कई सब्जी विक्रेताओं का सामान जब्त कर ट्रक में लाद दिया गया। लंबे समय से सड़क किनारे लग रही अवैध मंडी के कारण यातायात बाधित हो रहा था और दोपहिया वाहन निकालना भी मुश्किल हो गया था। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, अतिक्रमण हटाने के लिए पहले कई बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन निर्देशों का पालन नहीं होने पर कार्रवाई करनी पड़ी। अभियान के दौरान कुछ सब्जी विक्रेताओं ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन टास्क फोर्स और पुलिस ने स्थिति नियंत्रित रखते हुए कार्रवाई पूरी कराई। अतिक्रमण हटाने के बाद सड़क को समतल कराया गया, गंदगी साफ कराई गई और जल निकासी की व्यवस्था भी दुरुस्त की गई। नगर निगम ने दावा किया कि अभियान के बाद पर्यटन थाना रोड को अतिक्रमण मुक्त कर दिया गया है।