
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन ने सख्त अभियान चलाते हुए 15 वाहनों पर कार्रवाई की है। यह अभियान जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह और शासन के निर्देश पर खनन विभाग, निदेशालय की टीम तथा संबंधित थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा चलाया गया।20 जून को उपखनिज बालू, मोरंग और गिट्टी से लदे वाहनों की औचक जांच की गई। अभियान के दौरान करीब 290 वाहनों की चेकिंग की गई। जांच में 15 वाहन ओवरलोड अथवा बिना वैध परिवहन प्रपत्र के संचालित पाए गए। नियमों के उल्लंघन पर सभी वाहनों का चालान करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की गई।खनिज विभाग की ओर से की गई इस कार्रवाई में शास्ति, रॉयल्टी और अन्य मदों में लगभग साढ़े सात लाख रुपये की धनराशि आरोपित की गई है।जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने जनपद स्तरीय टास्क फोर्स के सभी सदस्यों को अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ लगातार जांच एवं प्रवर्तन कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि खनन नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।