
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुल्तानपुर।
अधिवक्ता संघ के चुनाव के मद्देनजर जारी हुई नई अधिसूचना के मुताबिक सोमवार को नामांकन पत्रों की विक्री हुई। जिसमें विभिन्न पदों के लिए कुल 70 अधिवक्ता प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदा है। जिसमे ट्रेजरार पद के लिए इस बार महिला उम्मीदवारो ने पर्चा खरीदा है। एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन राजेन्द्र प्रताप दूबे ने बताया कि मंगलवार को सुबह 10 बजे से दिन में तीन बजे तक इच्छुक प्रत्याशी नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्याशियों को आपराधिक विवरण देने का कालम दिया गया है,जिसे भरा जाना अनिवार्य है,अन्यथा चुनाव कमेटी नियमानुसार कार्यवाही करने को बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव कराने की पूरी तैयारी कर ली गई है। वहीं पर्चा दाखिला के दौरान अपना-अपना समर्थन दिखाने व भीड़ जुटाने के लिए ने प्रत्याशियो ने कमर कस ली है और लगातार तैयारी में जुटे हुए है। मंगलवार को नामांकन पत्र दाखिल होने के बाद मैदान में उतरे प्रत्याशियों की पदवार संख्या भी स्पष्ट हो जाएगी,जिसका सभी को बेसब्री से इंतजार है। इस बार चुनाव में 2080 अधिवक्ता मतदाता हिस्सा ले सकेंगे। जारी अधिसूचना के मुताबिक पहली सितंबर को पर्चा दाखिला,दो सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच, आपत्ति,नामांकन पत्रों की वापसी व वैध प्रत्याशियो की सूची का प्रकाशन, नौ सितंबर को दीवानी के अधिवक्ता भवन में सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक मतदान, 10 सितंबर को परिणाम आने तक मतगणना एवं 11 सितंबर को विजयी प्रत्याशियों की घोषणा किए जाने की तिथि घोषित की गई है। एल्डर्स कमेटी ने महासचिव व ट्रेजरार पद के अलावा अन्य सभी पदों पर आरक्षण की व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया है और प्रत्याशियो की सुविधा के लिए शुल्क के लिए भी निर्देश जारी किया है।