news-details

अधिवक्ताओं से अभद्रता पर बार एसोसिएशन का ज्ञापन

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़ ललितपुर। लखनऊ में अधिवक्ताओं के साथ कथित अभद्रता एवं मारपीट की घटना को लेकर जिला बार एसोसिएशन ने नाराजगी जताते हुए महामहिम राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि 17 मई 2026 को जनपद लखनऊ में पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच हुई घटना में अधिवक्ताओं के साथ दुव्र्यवहार किया गया तथा उनके चेंबरों को भी नुकसान पहुंचाया गया। इस घटना को लेकर प्रदेश भर के अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। ज्ञापन में कहा गया कि अधिवक्ता समाज न्याय दिलाने के लिए निरंतर कार्य करता है, ऐसे में उनके साथ इस प्रकार का व्यवहार लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। बार एसोसिएशन ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई। अधिवक्ताओं ने अपनी प्रमुख मांगों में दोषी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, अधिवक्ताओं के क्षतिग्रस्त चेंबरों का पुनर्निर्माण कराने तथा अधिवक्ता सुरक्षा कानून लागू करने की मांग शामिल की। इस दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष हरिराम राजपूत, महामंत्री संतोष सिंह यादव सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।