
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। औद्योगिक नगरी कानपुर के सबसे व्यस्त घंटाघर चौराहे को जाम मुक्त बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। पुलिस उपायुक्त (यातायात) रवीन्द्र कुमार के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहन और ठेले हटाए गए तथा दुकानदारों व वाहन चालकों को कड़ी चेतावनी दी गई। ट्रैफिक पुलिस ने साफ कर दिया है कि मुख्य मार्ग या सड़क किनारे अवैध पार्किंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियम तोड़ने वालों के वाहनों को अब सीधे क्रेन से हटाकर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान लाउडस्पीकर से लोगों को जागरूक करते हुए उन्हें केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की सलाह दी गई।अधिकारियों ने कहा कि घंटाघर क्षेत्र में दिनभर भारी यातायात दबाव रहता है और अवैध पार्किंग जाम की सबसे बड़ी वजह बनती है। इसी को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है।अभियान में एम्बुलेंस को रास्ता देने के महत्व पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस ने कहा कि सायरन बजाती एम्बुलेंस को तुरंत रास्ता देना हर नागरिक की जिम्मेदारी है, क्योंकि इससे किसी की जान बचाई जा सकती है।प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और जाम मुक्त कानपुर बनाने में सहयोग दें।