
Pardarshi Vikas News Lucknow
फैजुल्लागंज में लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 50 शैय्यायुक्त निर्माणाधीन अस्पताल का निरीक्षण शनिवार को लखनऊ उत्तर के विधायक डा. नीरज बोरा ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी के साथ किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्था को अगले 15 दिनों में अस्पताल का निर्माण कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि एक माह के भीतर अस्पताल को फर्नीचर, उपकरण और अन्य आवश्यक सुविधाओं के साथ पूरी तरह सुसज्जित किया जाए, ताकि इसका लोकार्पण जल्द किया जा सके और क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। उन्होंने अस्पताल के भूतल पर ओपीडी, ऊपरी तल पर जांच लैब, मरीज वार्ड और लिफ्ट सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया और वहां संसाधनों के सुदृढ़ीकरण की आवश्यकता बताई। उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता, रैंप पर वॉशेबल पेंट, ऑपरेशन थिएटर में तकनीकी सुधार और सोलर पैनल इंस्टॉलेशन को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। डा. नीरज बोरा ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को नियमित निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता और गति बनाए रखने को कहा। साथ ही उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक को पत्र लिखकर निर्माण कार्य की समीक्षा कराने और इसे प्राथमिकता से पूरा कराने का अनुरोध किया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि निर्धारित समय सीमा में सभी कार्य पूरे कर अस्पताल को संचालन के लिए तैयार कर दिया जाएगा।