
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य का हाल जाना। अखिलेश यादव ने कहा कि माता प्रसाद पांडे अब स्वस्थ हैं और उनके जल्द पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना की।मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के कार्यकाल में कई अस्पतालों को खुद इलाज की जरूरत है और आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है।अखिलेश यादव ने अयोध्या के राम पथ को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिन्होंने राम मंदिर का मुद्दा नहीं छोड़ा, वे राम पथ को कैसे छोड़ सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में पीडीए समाज की समस्याओं की सुनवाई नहीं हो रही है।पूर्व मुख्यमंत्री ने नौकरियों के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने मुख्यमंत्री के एक लाख नौकरियां देने के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगस्त में नौकरी देने के मामले में संख्या शून्य रही और सितंबर में भी ऐसी ही स्थिति रहने की आशंका है। अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव नजदीक आने के साथ युवाओं को रोजगार देने के वादे पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में लोगों की समस्याओं और शिकायतों पर सरकार पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही है।