
पारदर्शी विकास न्यूज़ पैलानी (बांदा)।महोबा से एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे ग्रामीणों के लिए सोमवार की दोपहर काल बन गई। पैलानी थाना क्षेत्र के कानाखेड़ा गांव के पास एक तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 70 वर्षीय एक बुजुर्ग किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, जसपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम गाजीपुर निवासी चालक बिसंभर सिंह अपने परिवार के साथ महोबा जनपद के चिचैरा गांव गए थे। सोमवार दोपहर जब वे जयदेव सिंह की पत्नी पूजा देवी को विदा कराकर वापस लौट रहे थे, तभी कानाखेड़ा गांव स्थित गौतम मार्केट के पास बोलेरो की रफ्तार तेज होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया। राहगीरों की सूचना पर तत्काल डायल 112 पुलिस पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला। सभी को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (ब्भ्ब्) जसपुरा ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने बसंत सिंह उर्फ बसंतलाल (70) को मृत घोषित कर दिया। मृतक बसंत सिंह अविवाहित थे और पेशे से किसान थे। वह अपने भाइयों और मां के साथ रहते थे। जैसे ही मौत की खबर गाजीपुर गांव पहुंची, पूरे परिवार में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी राजेश वर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर दिया है और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।