
सपा और इंडी गठबंधन पर हमला
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद अनुप्रिया पटेल शनिवार को कानपुर पहुंचीं। घाटमपुर में आयोजित जनसभा में उन्होंने समाजवादी पार्टी की पीडीए रथयात्रा और इंडी गठबंधन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गठबंधन में आपसी सामंजस्य की कमी दिखाई दे रही है। एक-दूसरे के गढ़ में चुनौती दी जा रही है और संयुक्त कार्यक्रम भी नहीं हो रहे हैं, जबकि चुनाव साथ लड़ने की बात कही जा रही है।अनुप्रिया पटेल सुबह कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंचीं, जहां घाटमपुर विधायक सरोज कुरील ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह सर्किट हाउस होते हुए घाटमपुर के कैप्टन सुखवासी जनता स्मारक महाविद्यालय पहुंचीं। यहां विधायक सरोज कुरील ने उन्हें 101 किलो की माला पहनाकर स्वागत किया। जनसभा में बिंदकी विधायक जय कुमार जैकी भी मौजूद रहे। लगातार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में पहुंचे।अनुप्रिया पटेल ने कहा कि कानपुर उनकी जन्मस्थली है और यहां आकर उन्हें अपने परिवार के बीच होने जैसा महसूस होता है। उन्होंने पार्टी के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि अपना दल (एस) अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं करता।उन्होंने कहा कि एनडीए पांच दलों का मजबूत गठबंधन है और आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन रिकॉर्ड जीत हासिल करेगा। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा में अपना दल (एस) के 13 विधायक हैं।जनसभा में विधायक सरोज कुरील ने खुद को क्षेत्र की बहू बताते हुए कहा कि उन्होंने विधायक नहीं, सेवक बनकर लोगों के बीच काम किया है। वहीं, जय कुमार जैकी ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी अहम भूमिका निभाएगी।