
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। अमेठी-संग्रामपुर मार्ग पर 2 करोड़ 30 लाख 44 हजार रुपये की लागत से बन रहा पुल अपने अंतिम चरण में है। लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता के अनुसार, इसका निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और इसे 15 जुलाई तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस पुल से एक लाख से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। निर्माण कर रही संस्था को पुल को हर हाल में 15 जुलाई तक पूरा करने का निर्देश दिया गया है। वर्तमान में फिनिशिंग का कार्य तेजी से चल रहा है।यह सड़क अमेठी तहसील से संग्रामपुर होते हुए प्रतापगढ़ जिले के चंदिकन तक जाती है। प्रतिदिन हजारों की संख्या में छात्र, व्यापारी और ग्रामीण इस मार्ग से आवागमन करते हैं। बरसात के मौसम में नाले में पानी भर जाने के कारण लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।इसी मार्ग पर शक्तिपीठ मां कालिकन धाम भी स्थित है, जहाँ प्रत्येक सोमवार को हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। पुल के बन जाने से आवागमन सुगम होगा, समय की बचत होगी और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी।