
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। सांसद किशोरी लाल शर्मा चार दिवसीय दौरे पर सोमवार को अमेठी पहुंचे। उन्होंने क्षेत्र भ्रमण कर शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात की और गांवों में लोगों के साथ चाय पर चर्चा की। जनसमस्याओं और नागरिक समस्याओं के सम्बन्ध में बातचीत की। दोपहर बाद वे अपने आवास और जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता की समस्यायों को सुना। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है, जनसेवा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता बनी रहेगी। भ्रमण के दौरान सांसद शर्मा गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र के मिश्ररौली गांव पहुंचे, जहां पूर्व प्रधान स्वर्गीय राकेश शुक्ला के आकस्मिक निधन पर उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा परिजनों को इस दुखद घड़ी में धैर्य और साहस बनाए रखने का संबल दिया। सांसद ने कहा कि स्वर्गीय राकेश शुक्ला एक सम्मानित, लोकप्रिय एवं समाजसेवी जनप्रतिनिधि थे, जिनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। सांसद के आगमन पर क्षेत्रवासियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया और जनहित के प्रति उनकी संवेदनशीलता, सादगी तथा निरंतर जनसंपर्क की सराहना की। दौरे के अंतिम दिन 3 जून, बुधवार को सांसद श्री किशोरी लाल शर्मा केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय, गौरीगंज में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आमजन से मुलाकात करेंगे तथा क्षेत्र भ्रमण के दौरान विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनके समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देंगे। शर्मा के साथ जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप सिंघल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुन्ना सिंह त्रिशुंडी,सलोन विधानसभा के प्रभारी सर्वेश सिंह आदि मौजूद रहे।