
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। नगर में गुरुवार शाम बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के पास महान समाज सुधारक पेरियार ई.वी. रामासामी नायकर और बौद्ध धम्म के पुनर्जागरण में योगदान देने वाले अनागरिक धम्मपाल की जयंती मनाई गई। अम्बेडकर मिशन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम में बामसेफ के जिला संयोजक एवं वरिष्ठ पत्रकार संजीव भारती ने पेरियार और अनागरिक धम्मपाल के जीवन एवं विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पेरियार ने आत्मसम्मान आंदोलन के माध्यम से सामाजिक बराबरी और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई। वहीं अनागरिक धम्मपाल ने बौद्ध धम्म के पुनरुत्थान और बौद्ध विरासत के संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया तथा महाबोधि सोसायटी की स्थापना में प्रमुख भूमिका निभाई।वरिष्ठ शिक्षक रामचंद्र ने कहा कि बौद्ध संगठनों की ओर से अनागरिक धम्मपाल की जयंती को पालि गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से एक अक्टूबर तक पालि पखवाड़े का आयोजन किया जाएगा।कार्यक्रम में चेयरमैन अंजू कसौंधन, फूलचंद कसौंधन, ललित कुमार, बबलू तिवारी, मंजीत कुमार, राजा ठाकुर, सुशील जायसवाल और शिवकुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।