
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। अमेठी के युवा उद्यमी और एस्ट्रोयोनी कंसल्टेंट प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक एवं सीईओ जॉर्ज लुचकिन को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित किया। उन्हें ज्योतिष और वेलनेस से जुड़े डिजिटल मंच ‘एस्ट्रोयोनी’ विकसित करने के लिए प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्टार्टअप नीति के तहत प्रदेश के 107 स्टार्टअप्स को कुल 3.42 करोड़ रुपये तथा 9 इनक्यूबेटर्स को 1.79 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की। इस दौरान नए इनक्यूबेटर्स को मान्यता प्रमाण-पत्र और स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।जॉर्ज लुचकिन ने बताया कि एस्ट्रोयोनी पारंपरिक ज्योतिषीय ज्ञान को आधुनिक डिजिटल जीवनशैली से जोड़ने वाला मंच है। इसके माध्यम से उपयोगकर्ता चैट, ऑडियो और वीडियो कॉल के जरिए सत्यापित एवं अनुभवी ज्योतिषियों से सीधे संपर्क कर सकते हैं।उन्होंने बताया कि वह स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी एक सॉफ्टवेयर एप्लीकेशन पर भी काम कर रहे हैं। इसका उद्देश्य लोगों को घर बैठे उपचार संबंधी सेवाओं और चिकित्सकों से संपर्क की सुविधा उपलब्ध कराना है।कार्यक्रम में ‘भारत इनोवेट्स’ में भाग लेने वाले उद्यमियों को भी सम्मानित किया गया। जॉर्ज लुचकिन के अलावा हिमांशु त्रिपाठी, उदय प्रताप सिंह, अर्नव तिवारी और अतुल कुमार गर्ग समेत करीब 80 उद्यमी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने युवाओं को नवाचार और स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।