
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। अवधी साहित्य संस्थान अमेठी की ओर से शनिवार को नगर स्थित डाक बंगला सभागार में दिवंगत अर्पित सिंह की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। रामगढ़ निवासी एवं संस्थान के महासचिव रामेश्वर सिंह निरास के कनिष्ठ पुत्र अर्पित सिंह के निधन पर क्षेत्र के साहित्यकारों, साहित्य प्रेमियों और गणमान्य नागरिकों ने शोक व्यक्त करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।सभा की शुरुआत दिवंगत अर्पित सिंह के चित्र पर माल्यार्पण और दो मिनट का मौन रखकर हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कैलाश नाथ शर्मा ने की। उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।संस्थान के अध्यक्ष डॉ. अर्जुन पाण्डेय ने कहा कि मनुष्य का जीवन क्षणभंगुर है। शब्बीर अहमद सूरी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। कैप्टन पीएन मिश्र ने अल्पायु में अर्पित सिंह के निधन को परिवार और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया।राजेंद्र शुक्ल अमरेश, रामबदन शुक्ल पथिक, पं. विजय कुमार मिश्र, शीतला प्रसाद मिश्र और अनुभव मिश्र सहित अन्य लोगों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। अंत में शांति पाठ के साथ सभा का समापन हुआ।