
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शनिवार को लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान पहुंचे। उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और डॉक्टरों से उपचार की स्थिति की जानकारी ली।डॉक्टरों के अनुसार, राजेंद्र चौधरी को शुक्रवार सुबह करीब 11:40 बजे बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था। उन्हें कार्डियक अरेस्ट की स्थिति में भर्ती किया गया, जिसके बाद चिकित्सकों की टीम ने करीब एक घंटे तक सीपीआर और वेंटिलेटर सपोर्ट के जरिए उनका जीवन बचाने का प्रयास किया। उपचार के बाद उनकी स्थिति में सुधार होने पर उन्हें दोपहर लोहिया संस्थान के आईसीयू में शिफ्ट किया गया।अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है। शनिवार को अखिलेश यादव ने डॉक्टरों से बातचीत कर उपचार की प्रगति की जानकारी ली और परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात की। इस दौरान कई सपा नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।