
पारदर्शी विकास ब्यूरो हाटा, कुशीनगर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिवस के अवसर पर हाटा विधानसभा क्षेत्र में रविवार को विशेष कार्यक्रम एवं मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती, जनसंपर्क अभियान और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से मंथन किया।कार्यक्रम की शुरुआत अखिलेश यादव के जन्मदिवस पर शुभकामनाएं देने के साथ हुई। उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया। बैठक में पूर्व प्रधान हृदेश कन्नौजिया, सभासद संजीव यादव, सचिन यादव तथा नगर पंचायत सुकरौली के दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी लगातार जनता के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठा रही है। उन्होंने विकास, रोजगार, शिक्षा, किसानों और युवाओं से जुड़े विषयों पर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और वार्ड-वार्ड जाकर लोगों से संवाद स्थापित करने तथा बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय और मजबूत बनाने की अपील की गई।बैठक में आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भी रणनीति पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि यदि सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा, एकजुटता और समर्पण के साथ जनता के बीच कार्य करेंगे तो पार्टी को बेहतर जनसमर्थन मिलेगा। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे पूरी ताकत के साथ चुनावी तैयारियों में जुटेंगे और अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी को प्रदेश की सत्ता तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।कार्यक्रम का समापन संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने तथा पार्टी की विचारधारा को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।