
पारदर्शी विकास ब्यूरो लखनऊ/कुशीनगर। पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन (अराजनैतिक संगठन) ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कुशीनगर जनपद के युवा समाजसेवी एवं संगठनकर्ता अखिलेश कुमार मिश्रा को प्रदेश महासचिव पद पर मनोनीत किया है। उनके मनोनयन की घोषणा प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के माध्यम से की गई।यह नियुक्ति संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष दयाराम राय के अनुमोदन तथा राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक कृष्णपाल सिंह राजपूत की संस्तुति पर की गई है। मनोनयन पत्र के अनुसार अखिलेश कुमार मिश्रा का कार्यकाल तीन वर्ष का होगा तथा उनकी नियुक्ति पत्र प्राप्ति की तिथि से प्रभावी मानी जाएगी।इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने, ग्राम प्रधानों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने तथा संगठन के विस्तार में अखिलेश कुमार मिश्रा की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नवमनोनीत प्रदेश महासचिव संगठन की नीतियों एवं उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।उल्लेखनीय है कि हाल ही में गुजरात के अहमदाबाद में पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई थी। बैठक की सफलता पर संगठन के पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष दयाराम राय को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इसी क्रम में संगठनात्मक विस्तार के तहत विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की गईं, जिनमें अखिलेश कुमार मिश्रा का मनोनयन प्रमुख माना जा रहा है।अखिलेश कुमार मिश्रा के प्रदेश महासचिव बनने की खबर मिलते ही संगठन के पदाधिकारियों, ग्राम प्रधानों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। अनेक लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी तथा पंचायत प्रतिनिधियों की आवाज को और अधिक प्रभावी मंच प्राप्त होगा।संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि पंचायत व्यवस्था को मजबूत बनाने, ग्राम प्रधानों के अधिकारों की रक्षा करने और ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों को सरकार तक पहुंचाने के लिए संगठन निरंतर कार्य करता रहेगा। नवमनोनीत प्रदेश महासचिव अखिलेश कुमार मिश्रा ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे।
