
PARDARSHI VIKASH NEWS समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रयागराज में भाजपा सरकार पर युवाओं, शिक्षा और रोजगार के मुद्दे को लेकर तीखा हमला बोला। "विजन इंडिया: प्लान, डेवलप, एसेंट" कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भाजपा के एजेंडे में सरकारी नौकरी देना शामिल नहीं है। सरकार युवाओं की नाराजगी की परवाह नहीं कर रही और भर्ती परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक होने से पूरे देश में उत्तर प्रदेश की बदनामी हो रही है।अखिलेश ने आरोप लगाया कि प्रदेश में 20 हजार से अधिक प्राइमरी स्कूल बंद हो चुके हैं और शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने में पूरी तरह विफल रही है। संविदा भर्ती को बढ़ावा देकर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, जिससे आरक्षण व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।उन्होंने कहा कि सरकार स्थायी नौकरियां देने से बच रही है, क्योंकि संविदा व्यवस्था में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी की गुंजाइश रहती है। उनके मुताबिक शिक्षा व्यवस्था में भी भ्रष्टाचार हावी है, जहां पेपर तैयार होने से लेकर परीक्षा परिणाम तक पूरे सिस्टम पर सवाल उठ रहे हैं।अपने दो दिवसीय प्रयागराज दौरे के दूसरे दिन अखिलेश यादव ने शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य को लेकर सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार और बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन मौजूदा सरकार इन मुद्दों पर गंभीर नहीं दिख रही है।