
पारदर्शी विकास ब्यूरो, कुशीनगर
कुशीनगर जनपद में बृहस्पतिवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व पूरे धार्मिक उत्साह, अकीदत और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। सुबह से ही जिले की विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुहाने मौसम के बीच सुबह 5:30 बजे से शुरू हुआ नमाज का सिलसिला लगभग 7:30 बजे तक चलता रहा। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने मुल्क की तरक्की, अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए विशेष दुआएं मांगीं।नमाज के उपरांत ईदगाहों में खुशी का अनूठा नजारा देखने को मिला। लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी और आपसी प्रेम व सौहार्द का संदेश दिया। युवाओं में सेल्फी और सामूहिक तस्वीरें लेने का उत्साह भी देखने को मिला। वहीं घरों और मोहल्लों में मेहमाननवाजी का दौर चला, जहां सेवइयों और अन्य व्यंजनों के साथ लोगों का स्वागत किया गया।इस्लामी परंपराओं के अनुसार संपन्न लोगों ने सुन्नते इब्राहीमी का पालन करते हुए कुर्बानी की रस्म अदा की। कुर्बानी के बाद जरूरतमंदों, गरीबों, यतीमों और असहाय लोगों के बीच तबर्रुक और सहायता सामग्री वितरित की गई। धर्मगुरुओं ने बताया कि ईद-उल-अजहा त्याग, समर्पण और इंसानियत की भावना को मजबूत करने वाला पर्व है, जिसे तीन दिनों तक मनाने की परंपरा है।