news-details

AI सुंदरियों के जाल में फंसते गए युवक

You can share this post!


कानपुर से संचालित फर्जी मैरिज नेटवर्क का पर्दाफाश

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। शादी कराने के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले एक फर्जी मैरिज ब्यूरो गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना रंजीश कुमार गौड़ को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर सोशल मीडिया और फर्जी मैट्रिमोनियल वेबसाइटों के जरिए एक हजार से अधिक लोगों से ठगी करने का आरोप है। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि बाराबंकी निवासी एक मजदूर की शिकायत पर जांच शुरू की गई थी। पीड़ित ने शादी कराने के नाम पर चार लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया था। साइबर सेल की जांच में कई मोबाइल नंबरों की लोकेशन कानपुर के कर्रही रोड, गौशाला और यशोदा नगर स्थित तीन मैरिज ब्यूरो तक पहुंची, जिसके बाद क्राइम ब्रांच ने छापेमारी की।छापेमारी के दौरान तीनों कार्यालयों में 23 युवतियां टेली कॉलर के रूप में काम करती मिलीं। जांच में सामने आया कि आरोपी फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शादी के प्रस्तावों के विज्ञापन देकर लोगों को जाल में फंसाता था। इसके बाद एआई तकनीक से तैयार युवतियों की आकर्षक तस्वीरें भेजकर शादी कराने का भरोसा दिलाया जाता था।पुलिस के अनुसार आरोपी ने “परफेक्ट रिश्ते”, “शादी मैच” और “रिश्ते मैचिंग” नाम से मैट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म संचालित कर रखे थे। युवकों से गोल्ड, सिल्वर और प्लेटिनम पैकेज के नाम पर 3 हजार से 20 हजार रुपये तक वसूले जाते थे। बाद में विभिन्न शुल्कों और पेनाल्टी के नाम पर लगातार रकम ऐंठी जाती थी।जांच में आरोपी के 11 बैंक खाते मिले हैं, जिनमें से चार खातों में करीब 41 लाख रुपये के लेन-देन का पता चला है। पुलिस ने मौके से 43 कीपैड मोबाइल, 13 एंड्रॉयड फोन, 3 कंप्यूटर, 10 एटीएम कार्ड, 8 चेकबुक, कई रजिस्टर, क्यूआर कोड और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।पुलिस ने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों अमित, करम पटेल और जागृति की तलाश में छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है।