AI से तैयार फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का आरोप
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। दुदही में सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी और नगर पंचायत दुदही निवासी अजीम आलम की तस्वीर को कथित तौर पर AI तकनीक से जोड़कर पोस्ट किए जाने का मामला सामने आया है। अजीम आलम ने थाना विशुनपुरा में तहरीर देकर मामले की जांच और विधिक कार्रवाई की मांग की है।तहरीर में अजीम आलम ने आरोप लगाया कि वीरेश गुप्ता की फेसबुक आईडी से एक फोटो पोस्ट की गई है। उनके अनुसार, फोटो में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी के साथ उनकी तस्वीर को AI तकनीक के माध्यम से जोड़कर परिवर्तित किया गया है। अजीम आलम ने कहा कि उक्त फोटो और सोशल मीडिया पोस्ट से उनका कोई संबंध नहीं है।उन्होंने आशंका जताई कि फोटो तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करना उनकी छवि प्रभावित करने के उद्देश्य से किया गया हो सकता है। उन्होंने पुलिस से फोटो, सोशल मीडिया पोस्ट और उसे तैयार व प्रसारित करने वाले व्यक्ति की जांच कराने की मांग की है।पुलिस से मामले में निष्पक्ष जांच और विधिसम्मत कार्रवाई का अनुरोध किया गया है। फोटो की वास्तविकता और पोस्ट से जुड़े तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।