
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं में मरीजों के डेटा की सुरक्षा और साइबर हमलों से बचाव के लिए छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) के शोधार्थी अरुण कुमार राय ने मशीन लर्निंग आधारित सुरक्षा सिस्टम तैयार किया है।यह तकनीक अस्पतालों और डिजिटल हेल्थकेयर प्लेटफॉर्म पर होने वाली संदिग्ध गतिविधियों को तुरंत पहचान सकेगी। इससे डेटा चोरी, सिस्टम में गड़बड़ी और साइबर हमलों के खतरे को शुरुआती स्तर पर ही पकड़ा जा सकेगा।शोध में मशीन लर्निंग मॉडल को अस्पतालों के डिजिटल सिस्टम के लिए विकसित किया गया है, जो असामान्य गतिविधियों की पहचान कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करेगा। इस तकनीक का परीक्षण वास्तविक अस्पतालों के वातावरण में भी किया जा रहा है।इस सिस्टम में एज एआई तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे बिना देरी के स्थानीय स्तर पर तेज और सुरक्षित फैसले लिए जा सकेंगे। इससे डिजिटल हेल्थ सेवाओं को ज्यादा सुरक्षित और भरोसेमंद बनाने में मदद मिलेगी।