
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। बाजारखाला थाना क्षेत्र स्थित अग्रसेन पार्क में मंगलवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है, जिसकी अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दो व्यक्ति पार्क के अंदर जाते दिखे, जिनमें से एक बाद में लकड़ी का डंडा लेकर बाहर निकलता नजर आया। इसी आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान पिंटू, निवासी मोतीझील, बाजारखाला के रूप में की है।पुलिस के अनुसार, संदिग्ध की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए हैं।अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।