
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। हाल ही में हुई अग्निकांड की घटनाओं को देखते हुए सामाजिक न्याय महासभा उत्तर प्रदेश ने मंगलवार को मलिहाबाद एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संगठन मंत्री जीशान वली ने प्रशासन से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की अपील की। ज्ञापन में मलिहाबाद क्षेत्र के विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों में नियमित मॉक ड्रिल कराने, आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण देने और अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच कराने की मांग की गई है।संगठन ने सुझाव दिया कि संबंधित विभागों की संयुक्त जांच टीम गठित कर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। साथ ही भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए स्थायी निगरानी व्यवस्था विकसित करने की जरूरत बताई गई।महासभा ने मलिहाबाद क्षेत्र में जल्द फायर स्टेशन स्थापित करने पर भी जोर दिया। संगठन का कहना है कि हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय पहले से सुरक्षा इंतजाम मजबूत करना जरूरी है, ताकि बच्चों और आम लोगों की जान को खतरे से बचाया जा सके।जीशान वली ने कहा कि क्षेत्र में बढ़ती आबादी और अग्नि घटनाओं को देखते हुए मजबूत अग्नि सुरक्षा तंत्र की आवश्यकता है। उन्होंने प्रशासन से ज्ञापन में उठाए गए बिंदुओं पर जल्द कार्रवाई और जांच सुनिश्चित करने की मांग की।