news-details

अग्निकांड पर अलर्ट: जिलाधिकारी ने जारी की सख्त एडवाइजरी

You can share this post!

 

 

 

pardarshi vikas news kushinagar 

भीषण गर्मी और तेज पछुआ हवाओं के चलते जिले में आग लगने की घटनाओं की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष महेन्द्र सिंह तंवर ने व्यापक एडवाइजरी जारी कर जनमानस से सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने साफ कहा है कि थोड़ी सी लापरवाही जान-माल के बड़े नुकसान का कारण बन सकती है, जबकि साधारण सावधानियों से इन घटनाओं को रोका जा सकता है।जिलाधिकारी ने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों को संवेदनशील बताते हुए किसानों से अपील की कि कटाई के बाद खेतों में पराली (डंठल) जलाने से बचें। उन्होंने निर्देश दिया कि खेतों में लगे ट्रांसफार्मरों के आसपास कम से कम 10×10 फीट क्षेत्र साफ रखें, ताकि बिजली के तारों या फॉल्ट से उठने वाली चिंगारी फसलों तक न पहुंचे। साथ ही ढीले तारों की सूचना तुरंत विद्युत विभाग को देने और समय-समय पर वायरिंग की जांच कराने की सलाह दी गई है।घरेलू स्तर पर भी सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि जलती माचिस, बीड़ी या सिगरेट को इधर-उधर न फेंकें। खाना बनाते समय सूती कपड़ों का ही उपयोग करें और रसोई में पानी व मिट्टी/बालू की व्यवस्था रखें। यदि रसोई फूस की है तो दीवारों पर मिट्टी का लेप अवश्य करें। गर्मी के मौसम में सुबह 9 बजे से पहले और शाम 6 बजे के बाद ही भोजन बनाने की सलाह दी गई है।इसके अलावा हवन जैसे धार्मिक कार्य भी सुबह के समय ही करने को कहा गया है। मवेशियों की सुरक्षा के लिए उनके पास पर्याप्त पानी रखने और नियमित निगरानी बनाए रखने की अपील की गई है। सार्वजनिक स्थानों, बसों और ट्रेनों में ज्वलनशील पदार्थ ले जाने से सख्त मना किया गया है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कहीं आग लगती है तो घबराएं नहीं, बल्कि सामुदायिक सहयोग से आग बुझाने का प्रयास करें और तुरंत फायर ब्रिगेड व प्रशासन को सूचना दें। अंत में जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की कि वे सतर्क रहें, जागरूक रहें और अग्निकांड की घटनाओं को रोकने में प्रशासन का सक्रिय सहयोग करें।

आपातकालीन नंबर:

  • फायर ब्रिगेड – 101 / 100
  • मुख्य अग्निशमन अधिकारी – 9454418378
  • फायर स्टेशन रविन्द्रनगर – 9454418801
  • तमकुहीराज – 9454418805
  • खड्डा – 944418803
  • कप्तानगंज – 8299700618
  • विद्युत विभाग कंट्रोल रूम – 7054177824
  • जिलाधिकारी कंट्रोल रूम – 05564-240590
  • टोल फ्री – 1077