
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। कोचिंग सेंटरों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड के बाद बुधवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने कानपुर रोड स्थित बाराबिरवा क्षेत्र में कई कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया। कार्रवाई मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद की गई।गौरतलब है कि 22 जून को अलीगंज स्थित एक कोचिंग संस्थान में आग लगने से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 15 छात्रों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर में कोचिंग संस्थानों की जांच और नियमों का पालन कराने के निर्देश दिए थे।इसी क्रम में एलडीए जोन-2 की टीम ने बाराबिरवा क्षेत्र में अभियान चलाया। जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह के नेतृत्व में हुई जांच में कई कोचिंग संस्थान मानकों के विपरीत संचालित पाए गए। अधिकारियों के अनुसार कई जगह भवनों में स्वीकृत नक्शे के विपरीत निर्माण किया गया था और सुरक्षा मानकों की अनदेखी मिली।जांच के दौरान महिंद्रा कोचिंग, पीडब्ल्यू, एलन, आकाश कोचिंग, दुर्गेंद्रा क्लासेज और सेंचुरियन डिफेंस समेत कई संस्थानों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन मिलने पर प्रशासन ने संचालकों को परिसर खाली कराया और सेंटरों को सील कर दिया।एलडीए अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भवन मानचित्र और अन्य जरूरी मानकों की जांच की जा रही है। जो भी संस्थान नियमों के खिलाफ संचालित मिलेंगे, उनके खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।कार्रवाई के दौरान जोन-2 के अधिकारी, सहायक अभियंता और प्रवर्तन टीम मौके पर मौजूद रही। प्रशासन का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।